एसओजी और कोटद्वार पुलिस का ऑपरेशन हुआ सफल, राजस्थान से दबोचा ईनामी, एक तौला सोना बरामद, कप्तान थपथपाई पुलिस टीम पीठ, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

170 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने दो हजार रुपए के इनामी वांछित आरोपी को राजस्थान से दबोचा, एक तोला सोना बरामद

खबर डोज, कोटद्वार। नकली सोने के आभूषणों के सहारे असली दौलत बटोरने वाले ठग गिरोह के खिलाफ कोटद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व में गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो हजार रूपए के इनामी वांछित आरोपी नीरज को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम से संबंधित एक तोला सोना भी बरामद किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में अपराधों के अनावरण और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार और पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी।

आठ लाख रुपये की नकदी और नकली आभूषणों से ठगी

मामले के अनुसार 19 जुलाई 2026 को जौनपुर निवासी विभाष अग्रवाल ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 22 मार्च को रघुवीर नाम का व्यक्ति उसके पास आया और खुद को कोटद्वार निवासी बताते हुए आर्थिक जरूरत का हवाला दिया। उसने अपनी अंगूठी गिरवी रखकर 25 हजार रुपये उधार लिए थे। बाद में रकम वापस कर अंगूठी ले गया।

इसके बाद 6 जुलाई को रघुवीर एक अन्य साथी के साथ दुकान पर पहुंचा। उसने अपनी पुत्री के विवाह के लिए पैसों की जरूरत बताते हुए कुछ सोने के पेंडल दिए और उनके बदले तैयार आभूषण व नकद रकम देने का अनुरोध किया। पूर्व में हुए लेनदेन के कारण व्यापारी को उस पर भरोसा था। इसी विश्वास का फायदा उठाकर आरोपियों ने उससे आभूषणों के साथ 8 लाख रुपये नकद ले लिए।

बाद में जब आभूषणों की जांच कराई गई तो उनके नकली होने का खुलासा हुआ। इसके बाद रघुवीर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया।

170 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल से लेकर संभावित मार्गों पर लगे 170 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस, तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश की गई। जांच में पता चला कि आरोपी बस से कोटद्वार आए थे और वारदात के बाद नजीबाबाद की ओर निकल गए थे।

पुलिस की लगातार मेहनत और सटीक सूचना के आधार पर राजस्थान निवासी रघुवीर नायक, विक्रम भोपा और बलवीर नायक को पूर्व में कोटद्वार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से 6 लाख रुपये नकद और पीली धातु की चार चेन बरामद हुई थीं।

राजस्थान से पकड़ा गया दो हजार रूपए का इनामी

जांच के दौरान मामले में नीरज पुत्र हजारीलाल, निवासी खेड़ा, थाना मालाखेड़ा, जिला अलवर, राजस्थान का नाम भी सामने आया। वह लगातार फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर दो हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। कोटद्वार पुलिस टीम ने राजस्थान में लगातार दबिश और तलाश जारी रखी। आखिरकार तकनीकी साक्ष्यों और सटीक सूचना के आधार पर नीरज को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से ठगी के सोने में से एक तोला सोना बरामद हुआ है।

इस साल आठ इनामी आरोपी गिरफ्तार

पौड़ी पुलिस के अनुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस वर्ष अब तक आठ इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि वांछित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page