हरिद्वार की पार्किंग में युवक के हाथ बांधकर मारपीट, वीडियो वायरल होते ही पुलिस की कार्रवाई, देखिए वायरल वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। मामला कोतवाली नगर क्षेत्र के रोड़ीबेलवाला इलाके का है, जहां एक पार्किंग में कार्यरत दो कर्मचारियों द्वारा एक युवक के हाथ बांधकर उसके साथ मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 3 जून 2026 को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों आरोपी रोड़ीबेलवाला क्षेत्र स्थित एक पार्किंग में कार्यरत थे। किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान उन्होंने युवक के साथ मारपीट की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने की कार्रवाई की।
पुलिस जांच के दौरान यह भी पता चला कि पार्किंग संचालक द्वारा वहां कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। इस पर संबंधित संचालक के खिलाफ भी पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूतन पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी ग्राम बिलाई, थाना हलदौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) तथा रोबिन पुत्र संजय कुमार निवासी ग्राम मुडदाना, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पूरी कार्रवाई उपनिरीक्षक संदीप वर्मा, कांस्टेबल प्रकाश और कांस्टेबल लखन सिंह की टीम द्वारा की गई।
हरिद्वार पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों को कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की भी हिदायत दी गई है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







