कोटद्वार में अवैध शराब की तस्करी का कौन तोड़ेगा मकड़जाल, जिम्मेदार अधिकारी क्यों हैं मौन?

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। प्रदेश सरकार की ओर से देवभूमि को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों को नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद कोटद्वार क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार कथित तौर पर लंबे समय से जारी होने के आरोप सामने आ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर अवैध शराब के इस मकड़जाल को कौन तोड़ेगा और जिम्मेदार अधिकारी कब सख्त कार्रवाई करेंगे?

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक कोटद्वार के देवी रोड, मानपुर, तड़ियाल चौक समेत कई इलाकों में कथित रूप से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। आरोप है कि कुछ स्थानों पर शराब की बिक्री खुले तौर पर होने के बावजूद संबंधित विभागों की प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

सूत्रों के मुताबिक पूर्व में भी अवैध शराब की बिक्री से संबंधित कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं। इन वीडियो में कथित तौर पर अवैध तरीके से शराब बेचने के मामले दिखाई दिए थे। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ क्षेत्रों में यह कारोबार लगातार जारी है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सरकार नशामुक्त उत्तराखंड की दिशा में अभियान चला रही है, तो कोटद्वार में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है? क्या संबंधित विभागों के अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित है?

स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री से न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि युवाओं और नई पीढ़ी पर भी इसका गंभीर असर पड़ सकता है। लोगों ने जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों से ऐसे स्थानों को चिन्हित कर नियमित छापेमारी करने तथा अवैध शराब की बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इन आरोपों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और कोटद्वार में चल रहे कथित अवैध शराब के कारोबार पर कब तक प्रभावी कार्रवाई होती है।

You cannot copy content of this page