हरिद्वार में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 17 वाहन सीज, 30 के चालान

खबर डोज, हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। रेलवे स्टेशन, वाल्मीकि चौक, कर्नाटक भवन तथा आसपास के क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 17 वाहनों को सीज और 30 वाहनों के चालान किए गए।

शुक्रवार को आयोजित इस अभियान का नेतृत्व एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। अभियान में परिवहन कर अधिकारी रविन्द्र पाल सैनी सहित विभागीय प्रवर्तन दल भी मौजूद रहा।
प्रवर्तन टीम ने ऑटो-रिक्शा, विक्रम, ई-रिक्शा तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों की सघन जांच की। जांच के दौरान कई वाहनों में फिटनेस प्रमाणपत्र का अभाव, परमिट शर्तों का उल्लंघन, बिना वैध दस्तावेज संचालन, बीमा और अन्य आवश्यक अभिलेखों की कमी जैसी अनियमितताएं पाई गईं।

इन उल्लंघनों के चलते कुल 30 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 7 ऑटो एवं विक्रम वाहनों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा विशेष अभियान के तहत 10 ई-रिक्शाओं को भी नियमों के उल्लंघन के कारण सीज किया गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों और स्वामियों को यात्री सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा परिवहन नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया।
एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा ने बताया कि चारधाम यात्रा और जनपद में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए परिवहन विभाग नियमों के कड़ाई से पालन पर विशेष ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि बिना वैध फिटनेस, परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के वाहनों का संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वहीं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने स्पष्ट किया कि परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जनहित और सड़क सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज समय पर अपडेट रखें तथा मोटर वाहन अधिनियम के सभी प्रावधानों का पालन करें। विभाग ने संकेत दिए हैं कि जनपद में ऐसे औचक प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







