हरिद्वार पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, राजपत्रित अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में नव नियुक्त पुलिस उपाधीक्षक के जनपद आगमन के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, तकनीकी सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा तथा आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार जितेंद्र चौधरी को पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं निशा यादव को पुलिस अधीक्षक (तकनीकी एवं महिला सुरक्षा) का दायित्व सौंपा गया है, जिससे तकनीकी नवाचारों के साथ महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में अधिक प्रभावी कार्यवाही की उम्मीद जताई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी स्तर पर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। सुरेंद्र प्रसाद बलूनी को क्षेत्राधिकारी सदर/ लाइन/ कार्यालय का प्रभार दिया गया है। संजय चौहान को क्षेत्राधिकारी सर्किल ज्वालापुर के साथ-साथ आंकिक कार्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नताशा सिंह को क्षेत्राधिकारी सर्किल रुड़की तथा अभिनय चौधरी को क्षेत्राधिकारी सर्किल मंगलौर नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में देवेंद्र सिंह नेगी को क्षेत्राधिकारी सर्किल लक्सर एवं विपेंद्र सिंह को क्षेत्राधिकारी यातायात के साथ कुंभ मेला 2027 तथा थाना बुग्गावाला का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। कुंभ मेला 2027 को लेकर यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं के दृष्टिगत यह जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एसएसपी हरिद्वार की ओर से किए गए इस कार्य वितरण से जनपद में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page