हवाई फायरिंग की रील बनाना पड़ा महंगा, 24 घंटे में युवक एयरगन सहित हिरासत में, वीडियो वायरल
खबर डोज, रुड़की। सोशल मीडिया पर हवाई फायरिंग करते एक युवक का वीडियो वायरल होने के बाद रुड़की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का संज्ञान लिया। जांच में वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी अयान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, युवक द्वारा इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए हवाई फायरिंग का वीडियो बनाया गया था, ताकि सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और व्यूज़ बढ़ाए जा सकें। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि युवक ने किसी लाइसेंसी असलहे से नहीं, बल्कि एयर गन से फायरिंग की थी। हालांकि, सार्वजनिक स्थान पर हथियारनुमा वस्तु के साथ इस प्रकार का प्रदर्शन कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए युवक को एयर गन सहित हिरासत में लेकर थाने बैठाया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने का आश्वासन दिया।
पुलिस ने युवक का पुलिस एक्ट के तहत चालान किया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
रुड़की पुलिस ने आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे लाइक्स और फॉलोअर्स के चक्कर में कानून को हाथ में लेने जैसी हरकतों से बचें। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार या हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन न केवल दहशत फैलाता है, बल्कि कानूनी कार्रवाई का कारण भी बन सकता है। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में सख्त निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







