रोडवेज बस की चपेट में आया ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा स्कूटी सवार नाबालिग, हादसे में पैर हुआ चोटिल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लैंसडौन से देहरादून जा रही रोडवेज बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार 16 वर्षीय नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका एक पैर गंभीर रूप से चोटिल हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार भानकोट निवासी 16 वर्षीय किशोर स्कूटी से ट्यूशन पढ़कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान फतेहपुर के पास सामने से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर का पैर चोटिल हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और घायल को कोटद्वार के बेस अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस व चालक को अपनी कस्टडी में ले लिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल बस देहरादून डिपो की है, जो लैंसडौन से देहरादून की ओर जा रही थी।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

You cannot copy content of this page