नगर निगम हरिद्वार ने शुरू किया छठ पूजा की तैयारियों का विशेष सफाई अभियान

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी छठ पूजा के दृष्टिगत नगर निगम हरिद्वार ने घाटों की सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान शुरू कर दिया है। निगम अधिकारियों ने शुक्रवार को विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।

उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी एवं सहायक नगर आयुक्त ऋषभ उनियाल ने नगर क्षेत्र के घाटों का दौरा किया और सफाई व्यवस्था का मूल्यांकन किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों की सफाई, कचरा निस्तारण और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नगर आयुक्त नंदन कुमार (IAS) के निर्देश पर प्रत्येक क्षेत्र में मुख्य सफाई निरीक्षकों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

रोड़ीबेलवाला क्षेत्र: अर्जुन सिंह

मायापुर क्षेत्र: संजय शर्मा

कनखल क्षेत्र: श्रीकांत

भूपतवाला क्षेत्र: मनोज कुमार

ज्वालापुर क्षेत्र: सुनील कुमार

निगम प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी घाटों पर कम्पोस्टेबल गारबेज बैग का प्रयोग किया जाए और अपशिष्ट का पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही घाटों पर तैनात सफाई कर्मियों की निरंतर निगरानी रखी जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

नगर निगम ने सभी वार्डों में भी विशेष सफाई अभियान चलाने के आदेश जारी किए हैं। छठ पूजा को लेकर प्रशासन की तैयारियाँ जोरों पर हैं, वहीं श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छता और व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास लगातार जारी हैं।

You cannot copy content of this page