गणतंत्र दिवस: डीजीपी दीपम सेठ का अपराधों पर अंकुश लगाने वाले अधिकारियों को मिलेगा सम्मान, यह होंगे सम्मानित

–कई महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों को मिलेगा सम्मान
खबर डोज, देहरादून। गणतंत्र दिवस के अवसर पर डीजीपी दीपम सेठ का अपराधों पर अंकुश लगाने वाले अधिकारियों को सम्मान देने का निर्णय लिया गया है। हालांकि यह सम्मान हर वर्ष समय समय पर दिया जाता है, लेकिन इस बार ऐसे अधिकारियों की सूची उनकी कार्यकुशलता को देखकर तैयार की गई है। जिसकी चर्चा पूरे महकमे में जोरों शोरों से चल रही है। उधर, अधिकारियों में भी इस सम्मान को पाने को लेकर खुशी का माहौल देखा जा रहा है। गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट, सराहनीय एवं विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। उत्तराखंड शासन की अधिसूचना के क्रम में पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।


पुलिस महानिदेशक कार्यालय देहरादून की ओर से जारी आदेश के अनुसार राज्यभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक, पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’ तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ प्रदान किए जाएंगे। यह सम्मान सेवा के आधार पर, विशिष्ट कार्यों के लिए तथा कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध, आपदा प्रबंधन एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को दिया जाएगा।


राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक की सूची में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी सहित विभिन्न जनपदों में तैनात निरीक्षक, उप निरीक्षक, मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी स्तर के पुलिसकर्मी शामिल किए गए हैं, जिन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन अनुकरणीय ढंग से किया।
पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘गोल्ड’ विशेष कार्यों के लिए प्रदान की जाएगी। इसमें पुलिस मुख्यालय, जनपदीय इकाइयों, साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, एसडीआरएफ, नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस एवं यातायात पुलिस से जुड़े कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। वहीं पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क ‘सिल्वर’ सेवा के आधार पर एवं विशिष्ट कार्यों के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को दी जाएगी।
आदेश में संबंधित जनपदों, इकाइयों एवं शाखाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर पदक व प्रशस्ति डिस्क प्राप्त करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाए जाएं तथा इसका व्यापक प्रचार–प्रसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पदक एवं डिस्क के अलंकरण एवं वितरण के लिए पृथक से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए अलग से दिशा–निर्देश जारी किए जाएंगे।
गणतंत्र दिवस पर मिलने वाले इन सम्मानों से उत्तराखंड पुलिस बल में उत्साह का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के सम्मान पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







रोडवेज बस की चपेट में आया ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा स्कूटी सवार नाबालिग, हादसे में पैर हुआ चोटिल 