77वें गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री आवास में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, दिलाई संविधान की शपथ

खबर डोज, देहरादून। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई और लोकतंत्र की मूल भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और देश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए हम सभी को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार राज्य के समग्र विकास के लिए हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने सभी से संविधान के मूल्यों की रक्षा करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







