राजधानी देहरादून में एक के बाद एक मर्डर, अब जिम के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या तो चंद्रबनी में नाले से मिला शव

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। राजधानी देहरादून में एक के बाद एक मर्डर हो रहे हैं। जिससे देहरादून पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ खड़ी है। अब वीवीआईपी क्षेत्र राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में शुक्रवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। मॉल में बने जिम से बाहर निकल रहे विक्रम शर्मा नामक युवक की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मॉल परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस वारदात से राजपुर रोड क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

उधर, देहरादून के चंद्रबनी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक नाले से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। घटना पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने नाले में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। साथ ही घटनास्थल के आसपास की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
पुलिस ने शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस हत्या और हादसे दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा और आशंका का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की जानकारी हो तो तत्काल पटेलनगर कोतवाली से संपर्क करें।

You cannot copy content of this page