ईरान–इजरायल युद्ध की खबरों के बीच हरिद्वार में गैस को लेकर अफरा-तफरी, प्रशासन बोला पर्याप्त स्टॉक है उपलब्ध, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। ईरान-इजरायल युद्ध को लेकर देशभर में गैस सप्लाई प्रभावित होने की खबरों के बीच हरिद्वार में भी एलपीजी सिलेंडर को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती नजर आ रही है। शहर के कई गैस गोदामों और एजेंसियों पर बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, जिससे कुछ स्थानों पर भीड़ की स्थिति बन गई।

हालांकि जिला प्रशासन ने स्थिति को लेकर लोगों से घबराने या पैनिक क्रिएट न करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ने जिले के सभी गैस वितरकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि सभी उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और किसी भी तरह की अनावश्यक देरी न हो।
सूत्रों के अनुसार फिलहाल देशभर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की डिलीवरी पर अस्थायी रोक लगाए जाने से हरिद्वार के होटल, आश्रम और बड़े प्रतिष्ठानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से कई जगहों पर रसोई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने बताया कि युद्ध की खबरों के बाद अचानक गैस बुकिंग बढ़ जाने के कारण सप्लाई पर थोड़ा दबाव पड़ा है, लेकिन जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके।

You cannot copy content of this page