सहकारी समिति में 19 लाख रुपये के गबन का पौड़ी पुलिस ने किया खुलासा, पूर्व सचिव गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

विश्वास के पद पर बैठा सचिव ही निकला गबनकर्ता, एसएसपी सर्वेश पंवार के निर्देशन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

खबर डोज, पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी पुलिस ने बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड, देवप्रयाग में करीब 19 लाख रुपये के गबन के मामले का खुलासा करते हुए समिति के पूर्व सचिव को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस की सटीक सूचना संकलन, तकनीकी जांच और लगातार की गई सुरागरसी के चलते उसे श्रीनगर से दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को सहायक विकास अधिकारी, विकासखंड कोट, पौड़ी संदीप सिंह ने थाना देवप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बहुउद्देशीय सहकारी समिति लिमिटेड, देवप्रयाग के तत्कालीन सचिव शैलेंद्र गैरोला ने अपने कार्यकाल के दौरान समिति के धन का गबन कर वित्तीय अनियमितताएं की हैं। शिकायत के आधार पर थाना देवप्रयाग में धारा 409 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल प्रभाव से निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने वित्तीय अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया। आरोपी की गतिविधियों का पता लगाने के लिए विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। लगातार तकनीकी एवं मैनुअल जांच के बाद पुलिस ने 22 जुलाई 2026 को आरोपी शैलेंद्र गैरोला (32 वर्ष) निवासी बडीयारगढ़, कीर्तिनगर, जनपद टिहरी गढ़वाल (हाल निवासी श्रीनगर) को श्रीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने सहकारी समिति के लगभग 19 लाख रुपये के गबन की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राकेश चौधरी, हेड कांस्टेबल बुद्धि बल्लभ, हेड कांस्टेबल हरीश जमलोकी और हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह शामिल रहे।

You cannot copy content of this page