तहसील लक्सर में डीएम मयूर दीक्षित का औचक निरीक्षण, लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण और कांवड़ तैयारियों में तेजी के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को तहसील कार्यालय लक्सर का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण, लंबे समय से लंबित राजस्व वादों को समयबद्ध तरीके से निपटाने, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गंभीरता से संचालित करने, मानसून तैयारियों को मजबूत करने तथा आगामी कांवड़ मेले की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों, एसआईआर अभियान, मानसून प्रबंधन और कांवड़ मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला को निर्देश दिए कि वर्षों से लंबित राजस्व वादों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जाए। साथ ही न्यायालयों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर आमजन को समय पर न्याय उपलब्ध कराया जाए।

डीएम मयूर दीक्षित ने स्पष्ट कहा कि तहसील कार्यालय में अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत और प्रार्थना पत्र का गंभीरता से संज्ञान लेकर निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

मानसून के मद्देनजर जिलाधिकारी ने जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और कहीं भी जलभराव की स्थिति बनने पर संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करें, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा और चिकित्सा सेवाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने पर जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर भंडारों को एक ही स्थान पर अनुमति न दी जाए, बल्कि तीन से चार किलोमीटर की दूरी पर व्यवस्थित रूप से अनुमति दी जाए, ताकि यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे स्वच्छता अभियान की समीक्षा करते हुए सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, सरकारी कार्यालयों और प्रमुख मार्गों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा अभियान में और तेजी लाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित तहसील कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page