राजस्व कार्यों में लापरवाही पर प्रशासन की कार्रवाई, राजस्व उपनिरीक्षक निलंबित

ख़बर शेयर करें -

नामांतरण वाद में तथ्यों को छुपाकर आख्या प्रस्तुत करने का आरोप, संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की ने की कार्रवाई

खबर डोज, हरिद्वार। राजस्व कार्यों में लापरवाही और निर्धारित प्रक्रिया के विपरीत कार्य करने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नामांतरण वाद में तथ्यों को छुपाकर आख्या प्रस्तुत किए जाने के मामले में संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट ने राजस्व उपनिरीक्षक अतुल रावत के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की है। प्रशासन की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप की स्थिति है।

बताया गया कि नामांतरण से संबंधित एक वाद में राजस्व उपनिरीक्षक द्वारा प्रकरण के तथ्यों को पूरी तरह स्पष्ट किए बिना आख्या प्रस्तुत की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई पहले से प्रचलित है। जांच और प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट ने राजस्व उपनिरीक्षक अतुल रावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से संबंधित क्षेत्र में राजस्व कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए प्रभार हस्तांतरण की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि क्षेत्र में नामांतरण, राजस्व अभिलेखों और अन्य संबंधित कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारु रूप से संचालित होते रहें।

संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट ने स्पष्ट किया कि राजस्व अभिलेखों और न्यायिक एवं अर्द्धन्यायिक प्रकरणों में तथ्यों की सही और निष्पक्ष प्रस्तुति बेहद महत्वपूर्ण है। अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है कि किसी भी प्रकरण में उपलब्ध तथ्यों को छुपाए बिना नियमानुसार आख्या प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने कहा कि राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और निर्धारित प्रक्रिया का पालन प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा नियमों के उल्लंघन की शिकायत या पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page