ज्वालापुर कोतवाली में तैनात दरोगा के बेटे ने UKPCS-2026 में हासिल किया तीसरा स्थान, बने डिप्टी एसपी, हरिद्वार पुलिस परिवार में खुशी का माहौल

खबर डोज, हरिद्वार। पुलिस परिवार के बेटे की सफलता ने पूरे पुलिस महकमे को गौरवान्वित किया है। कोतवाली ज्वालापुर में तैनात उप निरीक्षक रणवीर चंद रमोला के पुत्र मनीष रमोला ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPCS) परीक्षा-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर हरिद्वार पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है।

मनीष रमोला का चयन डिप्टी एसपी (उप पुलिस अधीक्षक) पद के लिए हुआ है। उनकी इस सफलता को कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम माना जा रहा है। मनीष की उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय बन गई है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने रोशनाबाद स्थित कैंप कार्यालय में मनीष रमोला और उनके पिता उपनिरीक्षक रणवीर चंद रमोला से मुलाकात की। एसएसपी ने दोनों को बधाई देते हुए सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि मनीष की सफलता पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत हो तो सफलता अवश्य मिलती है।
मनीष रमोला की इस उपलब्धि पर हरिद्वार पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है, जो यह संदेश देती है कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







