साइबर ठगों के मंसूबों पर टिहरी पुलिस का वार, पीड़ित को लौटाए 52 हजार रुपये

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस की सक्रियता के चलते साइबर ठगों द्वारा खाते से निकाली गई रकम में से 52 हजार रुपये सफलतापूर्वक वापस कराए गए।
जानकारी के अनुसार ढालवाला, मुनिकीरेती निवासी ओमप्रकाश पुरवाल साइबर अपराधियों की सुनियोजित ठगी का शिकार हो गए थे। ठगों ने उन्हें विभिन्न प्रलोभन और भ्रामक जानकारियां देकर उनके मोबाइल फोन में एक फर्जी एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करवा दी। फाइल डाउनलोड होते ही साइबर अपराधियों ने मोबाइल और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी तक पहुंच बना ली तथा उनके बैंक खाते से धनराशि निकाल ली।
मामले की सूचना मिलते ही एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देश पर साइबर सेल और थाना मुनिकीरेती पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संबंधित बैंकिंग संस्थानों से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज कर आवश्यक कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते से निकाली गई राशि में से 52 हजार रुपये वापस दिलाने में सफलता मिली। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने टिहरी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यकुशलता और संवेदनशीलता की सराहना की।
इस अवसर पर टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर मोबाइल फोन में एपीके फाइल डाउनलोड न करें और न ही किसी संदिग्ध लिंक, एप्लीकेशन या कॉल के माध्यम से अपनी बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा करें। साइबर ठगी की किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
टिहरी पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और आमजन की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







