खनन ऑडियो वायरल होते ही एसएसपी का कड़ा एक्शन, इकबालपुर चौकी प्रभारी समेत पूरा स्टाफ निलंबित

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में अवैध खनन से जुड़े एक वायरल ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में बड़ा एक्शन देखने को मिला है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नवनीत सिंह भुल्लर ने झबरेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इकबालपुर चौकी के चौकी प्रभारी समेत पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर अवैध खनन से जुड़े लेनदेन और चौकी प्रभारी से संपर्क की बात सामने आई थी। ऑडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्राथमिक जांच के बाद कड़ी कार्रवाई करते हुए इकबालपुर चौकी के चौकी प्रभारी सहित पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की छवि को धूमिल करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मामले की विस्तृत जांच के लिए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ आगे की सख्त कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में साफ संदेश गया है कि अवैध खनन या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था और विभाग की साख बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

You cannot copy content of this page