हंगामेदार रहा हरिद्वार में चला व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान, हटाए गए 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। जिलाधिकारी हरिद्वार एवं नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में बुधवार को नगर निगम हरिद्वार और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने ललतारो पुल से अपर रोड तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क और नालियों पर किए गए 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमणों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

प्रशासन की ओर से चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य आमजन और श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करना तथा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना था। टीम ने सड़क किनारे और नालियों के ऊपर रखे गए अवैध सामान, अस्थायी ढांचे और अन्य अतिक्रमणों को हटाते हुए क्षेत्र को व्यवस्थित किया।

अभियान के दौरान कुछ स्थानीय व्यापारियों ने कार्रवाई में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस प्रशासन के सहयोग से अभियान को सफलतापूर्वक जारी रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।

नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से संबंधित व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में नालियों के ऊपर अथवा उनकी सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का सामान, निर्माण सामग्री या व्यावसायिक सामग्री रखी गई तो उसे तत्काल जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बार-बार अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ तहरीर देकर विधिक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, पुलिस प्रशासन तथा नगर निगम हरिद्वार की टीम मौजूद रही।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित, स्वच्छता और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page