देहरादून में जुगाड़ वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, 16 मौके पर कटवाए, 26 वाहन सीज, देखिए वीडियो

खबर डोज, देहरादून। सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध जुगाड़ वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशों पर चलाए गए इस विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अवैध वाहनों को नष्ट कराया गया और कई के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान उन जुगाड़ वाहनों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया, जिनमें साइकिल का हैंडल लगाकर किसी पुराने स्क्रैप वाहन का इंजन जोड़ दिया गया था या फिर दोपहिया वाहनों को काटकर उन्हें माल ढोने वाले कार्ट में बदल दिया गया था। ऐसे वाहन सड़क सुरक्षा के लिए खतरा होने के साथ-साथ नियमों का भी खुला उल्लंघन कर रहे थे।

जांच के दौरान ऐसे वाहनों को पकड़ा गया जिनमें इंजन नंबर या चेसिस नंबर उपलब्ध नहीं थे या फिर नंबरों में स्पष्ट असंगति पाई गई। कार्रवाई के तहत कुल 16 जुगाड़ वाहनों को उनके स्वामियों से मौके पर ही कटवाया गया, जबकि 5 नंबर वाले जुगाड़ वाहनों को निरुद्ध कर दिया गया। वाहन स्वामियों को भविष्य में ऐसे अवैध वाहनों का उपयोग न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

अभियान के दौरान व्यापारियों को भी जागरूक किया गया और उनसे अपील की गई कि वे जुगाड़ वाहनों के माध्यम से किसी भी प्रकार के माल का परिवहन न कराएं तथा केवल वैध और सुरक्षित परिवहन साधनों का ही उपयोग करें।

इसी दौरान बालावाला–रायपुर क्षेत्र में एक दिलचस्प मामला भी सामने आया, जहां एक जुगाड़ वाहन की मूल आयु मात्र 6–7 वर्ष पाई गई, लेकिन उसे काटकर जुगाड़ वाहन में बदल दिया गया था। जब वाहन के नंबर और चेसिस नंबर का मिलान किया गया तो दोनों में असमानता मिली। इस पर एआरटीओ प्रवर्तन पंकज श्रीवास्तव को वाहन के चोरी का होने का संदेह हुआ। इसके बाद मौके पर ही एसपी सिटी से समन्वय स्थापित कर एनसीआरबी डाटा के माध्यम से वाहन की जांच कराने के निर्देश दिए गए। जांच पूरी होने के बाद ही वाहन को छोड़ने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
अभियान के दौरान रॉन्ग लेन में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिसमें 26 वाहनों के चालान किए गए। संबंधित चालकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसे उल्लंघन पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई भी की जा सकती है।
दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान में कुल 130 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 26 वाहनों को सीज किया गया, जिनमें 5 जुगाड़ वाहन भी शामिल हैं।
संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि सड़क सुरक्षा और वैध परिवहन व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध और जुगाड़ वाहनों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन और व्यापारियों से अपील की कि वे हाथ से चलने वाले ठेलों या वैध परिवहन साधनों का ही उपयोग करें और किसी भी परिस्थिति में जुगाड़ वाहनों से माल परिवहन न कराएं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें





रोडवेज बस की चपेट में आया ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा स्कूटी सवार नाबालिग, हादसे में पैर हुआ चोटिल 
