कोटद्वार में दो युवकों की संदिग्ध हालात में मौत, एक को सता रहा था जेईई परीक्षा में कम अंक आने का गम

खबर डोज, कोटद्वार। नगर क्षेत्र में गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरते हुए शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटद्वार नगर क्षेत्र के अंतर्गत लालपुर निवासी दीपांशु रावत (19) पुत्र शैलेंद्र रावत की गुरुवार सुबह संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि दीपांशु ने हाल ही में जेईई (जूनियर इंजीनियर) की परीक्षा दी थी। बुधवार को परीक्षा का आंसर-की जारी हुआ था, जिसमें अपेक्षित अंक न आने के कारण वह काफी व्यथित था।
गुरुवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को संदेह हुआ। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो दीपांशु को गमछे के सहारे खिड़की से लटका हुआ पाया गया। आनन-फानन में उसे बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरी घटना उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर की है। नगीना तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिजाहेड़ी निवासी दिनेश कुमार (19) पुत्र सर्वेश कुमार को भी परिजन बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार दिनेश कोटद्वार में अपने बड़े भाई के साथ किराये के कमरे में रहता था और प्लंबिंग का कार्य करता था।
पुलिस ने बताया कि दिनेश अपने कमरे में पंखे के हुक से लटका हुआ मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दोनों मामलों में पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है, फिलहाल किसी प्रकार की सुसाइड नोट बरामद नहीं हुई है।
लगातार हुई इन दो घटनाओं से नगर क्षेत्र में शोक की लहर है और दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







