यशवंत और लव का मिशन मुरादाबाद सीआईयू कोटद्वार और लैंसडौन पुलिस ने किया फेल, लाखों के गांजे समेत दोनों गिरफ्तार

–पौड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 89.81 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त कार सीज
खबर डोज, कोटद्वार। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पौड़ी पुलिस को इस वर्ष की अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 89.81 किलोग्राम गांजा के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गांजे की कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।

एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी की ओर से सभी थाना प्रभारियों को नियमित चेकिंग अभियान चलाकर नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लैंसडौन रमेश तनवार और सीआईयू प्रभारी रणजीत तोमर के नेतृत्व में लैंसडौन पुलिस और सीआईयू टीम की ओर से क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों UK07AP3513 और UP16PC0036 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन UK07AP3513 को चला रहे यशवंत सिंह नेगी के कब्जे से 59.39 किलोग्राम गांजा मिला है। वहीं वाहन UP16PC0036 को चला रहे लव कुमार के पास से 30.42 किलोग्राम गांजा मिला है। दोनों वाहनों से कुल 89.81 किलोग्राम गांजा मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज कर दिया।
इस संबंध में कोतवाली लैंसडौन में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजा महिपाल निवासी रतूपुरा ठाकुर मुरादाबाद के कहने पर लाया जा रहा था। यह गांजा मंगरू निवासी पौड़ी गढ़वाल और रब्बू निवासी सरायखेत अल्मोड़ा से खरीदकर मुरादाबाद पहुंचाया जाना था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। मादक पदार्थों के वास्तविक स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और अवैध तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि पूरे गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
पुलिस टीम में लैंसडौन प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार, एसएसआई जयपाल चौहान, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, संजयराम, सतेंद्र सिंह, सीआईयू प्रभारी कोटद्वार रणजीत तोमर, कांस्टेबल गंभीर सिंह, पंकज शर्मा, हरीश शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






रोडवेज बस की चपेट में आया ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा स्कूटी सवार नाबालिग, हादसे में पैर हुआ चोटिल 