रिश्तों को किया शर्मसार: चचेरी बहन से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, कोटद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई

खबर डोज, कोटद्वार। पौड़ी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अपनी ही चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 2 जून 2026 को रिखणीखाल निवासी एक व्यक्ति ने थाना रिखणीखाल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ सोनू नामक युवक, जो रिश्ते में उसका चचेरा भाई लगता है, ने दुष्कर्म किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इस संबंध में कोतवाली कोटद्वार में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 5/6 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने मामले की विवेचना शुरू करते हुए पीड़िता के बयान दर्ज किए और विभिन्न पहलुओं की गहन जांच कर साक्ष्य एकत्र किए।
जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों, पीड़िता के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी संजय उर्फ सोनू की संलिप्तता की पुष्टि होने पर पुलिस ने 7 जून 2026 को कोटद्वार क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय उर्फ सोनू (22 वर्ष) निवासी बूथानगर, रिखणीखाल, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी की गिरफ्तारी में महिला उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक कैलाश जोशी और हेड कांस्टेबल रविन्दर भोज की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







