वन विभाग के छापे में मिले 70 कोबरा और 16 रसैल वाइपर, बिना अनुमति चल रहा था सर्प विष संग्रहण केंद्र

हरिद्वार। रूड़की तहसील क्षेत्र के ग्राम खंजरपुर में वन विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध सर्प संग्रहण केंद्र का भंडाफोड़ किया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 70 कोबरा और 16 रसैल वाइपर अपने कब्जे में लिए। सभी सर्प वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) की अनुसूची-1 में संरक्षित प्रजाति घोषित हैं।
जांच में सामने आया कि यहां सर्प विष संग्रहण केंद्र संचालित किया जा रहा था, जिसका संचालन नितिन कुमार के प्रतिनिधि विष्णु कर रहे थे। टीम को मौके पर केंद्र से संबंधित कोई वैध अनुमति नहीं मिली।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नितिन कुमार को वर्ष 2022 में अस्थायी अनुमति प्रदान की गई थी, जो दिसंबर 2023 में समाप्त हो गई थी। इसके बाद केंद्र अवैध रूप से संचालित हो रहा था।
सर्पों को वन विभाग ने सुरक्षित कब्जे में ले लिया है और संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान हरिद्वार वन प्रभाग के सुनील बडोली, उप प्रभागीय वनाधिकारी रूड़की विनय राठी वन क्षेत्राधिकारी रूड़की, सुरक्षा बल रूड़की, राजाजी टाइगर रिजर्व के उप निदेशक अजय लिंगवाल तथा पीएफयू यूनिट एमिटी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें