डीएम ने किया नगर निगम रुड़की का औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था और राजस्व वसूली को लेकर दिए सख्त निर्देश, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आज नगर निगम रुड़की का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर निगम के विभिन्न पटलों का जायजा लिया और संबंधित पटल सहायकों से कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्रों के निर्गमन में तेजी लाने और जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यह पाया कि कई जगहों पर पत्रावलियों और अभिलेखों का रखरखाव उचित तरीके से नहीं किया जा रहा था, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर निगम में कार्यरत कार्मिकों और पर्यावरण मित्रों की उपस्थिति की जानकारी भी ली और सभी कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पर्यावरण मित्रों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाने को कहा ताकि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न रहे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि पर्यावरण मित्रों द्वारा सफाई कार्य सुचारू रूप से किया जा रहा है या नहीं, इसकी फीडबैक जानकारी क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों से ली जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने भवन कर और राजस्व वसूली को प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने नगर आयुक्त को यह भी निर्देशित किया कि नगर निगम के निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निगम में कार्यरत सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के आईडी कार्ड तैयार करने और पटल सहायकों के कक्षों में नेम प्लेट लगाने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, नगर आयुक्त रुड़की राकेश चंद्र तिवारी, सहायक नगर आयुक्त अमरजीत कौर, शिवानी, नायब तहसीलदार प्रवीण त्यागी सहित निगम के पटल सहायक और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने साफ कहा कि “सफाई व्यवस्था बेहतर हो, राजस्व वसूली में तेजी आए, और जनता को हर सुविधा समय पर मिले, यही हमारी प्राथमिकता है।”

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







