जौलजीबी मेले में कांग्रेस विधायक हरीश धामी का हाईवोल्टेज ड्रामा, CM धामी के जाते ही मंच पर तोड़फोड़ और हंगामा

ख़बर शेयर करें -

–माइक बंद होने से भड़के विधायक, साउंड सिस्टम संचालकों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के आरोप; समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर काटा बवाल

–मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दी 2027 में चुनावी चुनौती, बोले- पार्टी ने मौका दिया तो उसी सीट से लड़ूंगा चुनाव

खबर डोज, पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में शनिवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के बाद अपने समर्थकों के साथ जमकर हंगामा किया। मुख्यमंत्री के रवाना होने के बाद विधायक मंच पर पहुंचे और माइक से अपनी बात रखने लगे, लेकिन इसी दौरान माइक का ऑडियो बंद हो गया। इसके बाद विधायक का गुस्सा इस कदर बढ़ा कि वह साउंड सिस्टम संचालकों की ओर दौड़ पड़े। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ भी हुई।

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को पिथौरागढ़ दौरे पर थे। उन्होंने काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले को 102.72 करोड़ रुपये की लागत वाली 25 विकास योजनाओं की सौगात भी दी। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक हरीश धामी की भूमिका को लेकर विवाद उस समय शुरू हुआ, जब मुख्यमंत्री के जाने के बाद विधायक मंच पर पहुंचे।

विधायक का आरोप था कि मेले की अध्यक्षता उनसे कराई गई, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने तक का अवसर नहीं दिया गया। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने मंच से मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी, मैं आपको पहले से जानता था, लेकिन आज आपको देख भी लिया। आपने स्थानीय विधायक की बात सुने बिना ही कार्यक्रम समाप्त कर दिया।

बताया जा रहा है कि विधायक के संबोधन के दौरान माइक का ऑडियो बंद कर दिया गया। इससे नाराज विधायक साउंड सिस्टम संचालकों की तरफ दौड़ पड़े। उनके समर्थकों पर भी कार्यक्रम स्थल पर हंगामा और तोड़फोड़ करने के आरोप लगे। इस दौरान कुछ लोगों के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

हंगामे के बीच विधायक दोबारा मंच पर पहुंचे और करीब दस मिनट तक सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। हालांकि बाद में उन्होंने तोड़फोड़ और हंगामे के लिए जनता से माफी भी मांगी।

2027 के चुनाव को लेकर CM को खुली चुनौती

हंगामे के दौरान विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सीधे तौर पर 2027 के विधानसभा चुनाव की चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी उन्हें एक और मौका देती है तो वह उसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जहां से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि वह उस क्षेत्र में प्रचार कर मुख्यमंत्री की हार सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे।

विधायक ने यह भी कहा कि 2027 के बाद मुख्यमंत्री को ऐसे मंच पर दोबारा नहीं देखा जाएगा। साथ ही प्रशासन को चेतावनी देते हुए विवादित अंदाज में कहा कि यदि जोर-जबरदस्ती और गुंडागर्दी का सहारा लिया गया तो उनसे बड़ा गुंडा कोई नहीं होगा।

जौलजीबी मेले जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन में जनप्रतिनिधि का इस तरह आक्रामक विरोध और तोड़फोड़ के आरोप अब चर्चा का विषय बन गए हैं। सवाल यह है कि स्थानीय विधायक को मंच पर बोलने का अवसर नहीं दिया गया तो इसके लिए जिम्मेदार कौन था? वहीं, अपनी नाराजगी जाहिर करने के नाम पर सार्वजनिक मंच पर हंगामा और तोड़फोड़ को क्या उचित ठहराया जा सकता है? अब इस पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन और सरकार की अगली कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

You cannot copy content of this page