यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के कॉलेज में फर्जी प्रमाणपत्रों के सहारे बने रहे असिस्टेंट प्रोफेसर, यमकेश्वर पुलिस ने गाजियाबाद से किया गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

–यमकेश्वर के महायोगी गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय बिथ्याणी में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हासिल की थी नियुक्ति, गाजियाबाद से दबोचा गया आरोपी

खबर डोज, पौड़ी गढ़वाल। शिक्षा के मंदिर में फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी हासिल करने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यमकेश्वर स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय बिथ्याणी में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्त रहे डॉ. उमेश कुमार त्यागी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से शिक्षा संस्थानों में नियुक्तियों के दौरान प्रमाणपत्रों के सत्यापन की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

पौड़ी गढ़वाल पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार तथा क्षेत्राधिकारी श्रीनगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत यह कार्रवाई की गई।

मामले में थाना यमकेश्वर पर मुकदमा अपराध संख्या 10/26, धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान महाविद्यालय में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्त रहे डॉ. उमेश कुमार त्यागी की भूमिका सामने आई।

पुलिस टीम ने 12 नवंबर 2026 को आरोपी को उसके गाजियाबाद स्थित निवास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी का समय शाम 7:05 बजे बताया गया है। आरोपी की उम्र 49 वर्ष है। उसका पूर्व पता मुरादनगर, गाजियाबाद और वर्तमान पता वेब सिटी, सेक्टर-7, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरिजेश त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल लोकेश गिरि और कांस्टेबल संजीव कुमार शामिल रहे।

अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर एक व्यक्ति महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद तक कैसे पहुंच गया? नियुक्ति के समय प्रमाणपत्रों का सत्यापन किस स्तर पर किया गया था? क्या संबंधित दस्तावेजों की जांच में लापरवाही बरती गई या फिर किसी स्तर पर मिलीभगत हुई? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।

You cannot copy content of this page