स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा: हरिद्वार जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में महिलाएं सबसे आगे, 1 लाख महिलाओं ने तो 68 हजार पुरूषों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

ख़बर शेयर करें -

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान कार्यक्रम के तहत लगाए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों में अब तक 177936 मरीजों का किया निःशुल्क उपचार

हरिद्वार। बीते 17 सितंबर से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान कार्यक्रम के तहत शुरू हुए स्वास्थ्य पखवाड़े में उपचार कराने वालों में महिलाएं सबसे आगे हैं। चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग हरिद्वार की ओर से जिले के शहर से लेकर देहात तक चलाए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों में महिलाओं ने बढ़चढ़कर उपचार कराया। इन स्वास्थ्य शिविरों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को नि:शुल्क उपचार मिला है। इसके अलावा दिव्यांगों को प्रमाण पत्र के साथ—साथ पात्रों को कृत्रिम अंग भी वितरित जाने की संस्तुति की गई है।

शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह के निर्देशन में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के चलाया गया। 17 सितंबर से जिले भर में शहर से लेकर देहात तक एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा की देखरेख में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जनता भी बढ़चढ़कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार’ महाअभियान उत्तराखंड की महिलाओं और परिवारों के स्वास्थ्य की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। सरकार का संकल्प है कि हर जिले, हर गाँव तक गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं समय पर पहुंचे। यह केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं बल्कि जन-भागीदारी की एक सशक्त मिसाल है। मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की है कि वह नजदीकी स्वास्थ्य शिविरों में जाकर जांच, परामर्श और उपचार अवश्य प्राप्त करें।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि यह महाअभियान महिलाओं को न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है, बल्कि उन्हें जागरूक और सशक्त भी बना रहा है। सरकार इस कार्यक्रम को घर-घर, गांव-गांव तक पहुंचा रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रह जाए। यह अभियान आने वाले समय में उत्तराखण्ड को मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में आदर्श राज्य बनाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि इन स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य आमजन तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर के सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य शिविरो में अब तक कुल 177936 लोगों का स्वस्थ्य परीक्षण किया है। जिसमें 1,09843 महिलाओं और 68102 पुरूषों का उपचार किया गया है। बताया कि बीते मंगलवार को जनपद के अलग—अलग क्षेत्रों में लगाए गए 138 स्वास्थ्य शिविरों में 36353 लोगों का स्वस्थ्य परीक्षण किया है, जिसमें 21181 महिलाओं और 15172 पुरूषों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है।

You cannot copy content of this page