लालढांग हाथी दांत प्रकरण: पांचों हाथी दांत बरामद नहीं, आरोपी को जमानत, वन विभाग की जांच पर उठे सवाल

ख़बर शेयर करें -

–लालढांग रेंज के मालखाने से गायब हुए थे पांच हाथी दांत, गिरफ्तारी के बावजूद बरामदगी नहीं कर सकी जांच टीम

खबर डोज, कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के मालखाने से गायब हुए पांच हाथी दांत का मामला अब वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। घटना को एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन गायब हुए पांचों हाथी दांत अब तक बरामद नहीं हो सके हैं। वहीं, मामले में गिरफ्तार वन गुर्जर को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत से जमानत मिल गई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पांचों हाथी दांत कहां गए और उनकी बरामदगी कब होगी?

जानकारी के मुताबिक, बीती 18 अक्टूबर को लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज कार्यालय परिसर स्थित मालखाने से हाथी के पांच दांत गायब होने की जानकारी सामने आई थी। मामला सामने आते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग की ओर से एक नवंबर को लैंसडौन वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी सुधीर कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

इसके बाद वन विभाग ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उप प्रभागीय वनाधिकारी रजत कपिल के नेतृत्व में एसआईटी गठित की। वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कोशिशों के बाद नौ नवंबर को हरिद्वार जनपद के गैंडीखाता स्थित गुर्जर बस्ती निवासी गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू को गिरफ्तार किया गया।

वन विभाग का दावा था कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हाथी दांत चोरी करने की बात स्वीकार की थी। हालांकि, मामले में सबसे अहम तथ्य यह है कि गिरफ्तारी के बावजूद पांचों हाथी दांत बरामद नहीं हो पाए।

इधर, आरोपी पक्ष की ओर से अदालत में दलील दी गई कि हाथी दांत की बरामदगी नहीं हुई और मुकदमा दर्ज करने में भी देरी की गई। इन्हीं आधारों पर बचाव पक्ष ने जमानत की मांग की। अदालत ने आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया।

अब वन विभाग से सवाल है कि मालखाने से गायब हुए पांच हाथी दांत आखिर कहां हैं? यदि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी बरामदगी नहीं हुई तो जांच किस दिशा में आगे बढ़ रही है? मालखाने में रखे महत्वपूर्ण वन्यजीव अवशेषों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी और इस मामले में विभागीय स्तर पर क्या जवाबदेही तय हुई? गिरफ्तारी से मामला खत्म नहीं होता, असली चुनौती गायब हाथी दांत बरामद करना और पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाना है।

You cannot copy content of this page