रिखणीखाल हादसे के बाद सीएम ने दिए सड़क सुरक्षा को लेकर प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

–ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड और नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी सख्ती, पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस और चालकों के लाइसेंस की होगी नियमित जांच

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और इनमें जा रही लोगों की जान को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। पौड़ी जनपद के रिखणीखाल क्षेत्र में कलवाड़ी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि रोकना सभी संबंधित विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने, ओवरलोडिंग, नशे में ड्राइविंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने और हेलमेट व सीट बेल्ट जैसे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों की सड़कों पर वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण करने और दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर वहां जरूरी सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक इंतजाम करने के निर्देश भी दिए। पर्वतीय मार्गों पर जरूरत के अनुसार सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने और सड़क सुरक्षा उपायों के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

अब सवाल यह है कि मुख्यमंत्री के इन निर्देशों का धरातल पर कितना असर दिखाई देगा? उत्तराखंड की पहाड़ी सड़कों पर दुर्घटनाओं का सिलसिला रोकने के लिए केवल अभियान और निर्देश काफी नहीं, बल्कि नियमित निगरानी, जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई भी जरूरी है।

You cannot copy content of this page