अपडेट रिखणीखाल! 300 मीटर गहरी खाई में गिरी इको वैन, सात महिलाओं समेत आठ की दर्दनाक मौत, चार घायल
–भंगलवाड़ गांव लौट रहे थे 12 लोग, कलवाड़ी के पास हुआ भीषण हादसा; पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान, सभी शव खाई से निकाले
खबर डोज, कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कलवाड़ी गांव के समीप 12 लोगों से भरी इको वैन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार 28 नवंबर 2026 को थाना रिखणीखाल में दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। इको वाहन संख्या UK 15 TA 2152 रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। थाना रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल 12 लोग सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और SDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद चार घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया। वहीं दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी आठ लोगों के शव भी खाई से बाहर निकाल लिए गए।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कान्ति देवी (45) पत्नी दिनेश चन्द्र, रेखा देवी (42) पत्नी प्रेम सिंह, अनिल देवराड़ा (48) पुत्र जयानन्द (वाहन चालक), सुमित्रा देवी (50) पत्नी रमेश सिंह, सुनीता देवी (45) पत्नी मदन सिंह, धनेश्वरी देवी (46) पत्नी किशन चन्द्र, सरोजनी देवी (38) पत्नी मोहन सिंह और रजनी देवी (25) के रूप में हुई है। सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के निवासी बताए गए हैं।
वहीं हादसे में शशि देवी (35), शकुन्तला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) घायल हुए हैं। चारों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
एक ही गांव के आठ लोगों की मौत की खबर से भंगलवाड़ में मातम पसरा हुआ है। जिन परिवारों के सदस्य रोजमर्रा के काम से निकले थे, उन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पहाड़ की सड़कों पर लगातार हो रहे हादसे एक बार फिर यातायात सुरक्षा और दुर्घटना संभावित मार्गों पर पुख्ता इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









