मां चंडी देवी मंदिर विवाद फिर गर्माया, महंत रोहित गिरी ने भवानी नंदन को बताया फर्जी महंत, कोर्ट से भेजा जाएगा लीगल नोटिस, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। मां चंडी देवी मंदिर विवाद एक बार फिर तेजी से उभरकर सामने आया है। मौजूदा महंत रोहित गिरी महाराज ने प्रेस के माध्यम से बयान जारी करते हुए भवानी नंदन गिरी को फर्जी महंत बताते हुए बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने साफ कहा कि भवानी नंदन गिरी न तो चंडी देवी मंदिर के महंत हैं और न ही ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी। इसलिए किसी भी मीडिया प्लेटफॉर्म पर उन्हें महंत के रूप में प्रचारित न किया जाए।
महंत रोहित गिरी ने आरोप लगाया कि गीतांजलि और भवानी नंदन गिरी जानबूझकर मीडिया और आम जनता को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर ‘महंत भवानी नंदन गिरी’ नाम से फेसबुक पेज बनाकर प्रचार किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत और नियमों के विरुद्ध है।
उन्होंने बताया कि चंडी देवी मंदिर ट्रस्ट के नियम स्पष्ट हैं—
जब तक वर्तमान महंत जीवित हैं, उनके स्थान पर कोई अन्य महंत नियुक्त नहीं किया जा सकता।
यह नियुक्ति केवल वर्तमान महंत की मृत्यु के बाद, तेरहवीं के दिन संपूर्ण दशनाम गोस्वामी समाज एवं संत समाज की उपस्थिति में संपन्न होती है।
महंत रोहित गिरी ने कहा कि भवानी नंदन गिरी ने परंपरा और नियमों को तोड़ते हुए स्वयं को फर्जी तरीके से महंत घोषित कर लिया, जो अपराध की श्रेणी में आता है। इस कारण उनके खिलाफ कोर्ट के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजा जा रहा है।
महंत रोहित गिरी महाराज ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी चल-अचल संपत्ति से गीतांजलि और भवानी नंदन गिरी को कानूनी रूप से बेदखल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर और उससे जुड़े मामलों में किसी तरह की गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चंडी देवी मंदिर से जुड़े इस विवाद ने एक बार फिर संत समाज और स्थानीय श्रद्धालुओं में हलचल पैदा कर दी है। अब सभी की नजरें कोर्ट में होने वाली आगामी कानूनी कार्यवाही पर टिकी हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







