वाह: त्योहारों से पहले ही खुल गई खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की नींद, पहली बार त्यौहारी सीजन में सैंपल नहीं जागरूक करने कोटद्वार पहुंचे अधिकारी, नामचीन होटलों के कारोबारियों को किया जागरूक, देखिए वीडियो

–खाद्य जागरूकता विचार गोष्ठी में एक्सपायरी डेट और खाद्य सुरक्षा नियमों की दी जानकारी, नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी
खबर डोज, कोटद्वार। त्योहारों का सीजन शुरू होने के बीच आखिरकार पौड़ी जिले के खाद्य सुरक्षा विभाग की सक्रियता कोटद्वार में दिखाई दी। सोमवार को खाद्य विभाग के सहयोग से कोटद्वार में खाद्य जागरूकता विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें शहर के नामचीन होटल, रेस्टोरेंट, मिष्ठान भंडार और बेकरी संचालकों ने हिस्सा लिया। त्योहारों से पहले शहर के नामचीन कारोबारी के होटल में आयोजित इस गोष्ठी को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली भी चर्चा में है।
स्थानीय स्तर पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में त्योहारों से पहले विभाग की ओर से कारोबारियों को जागरूक करने की पहल की गई। हालांकि, सवाल यह भी है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता के साथ नियमित निरीक्षण और सैंपलिंग कितनी प्रभावी तरीके से की जाएगी।
गोष्ठी में गढ़वाल संभाग के डिप्टी कमिश्नर राजेंद्र सिंह रावत और खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा मौजूद रहे। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और ग्राहकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी।
एक्सपायरी डेट और खाद्य सुरक्षा नियमों पर जोर
गोष्ठी में कारोबारियों को बताया गया कि खाद्य पदार्थों की पैकिंग, भंडारण और बिक्री के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना जरूरी है। विशेष रूप से खाद्य पदार्थों पर एक्सपायरी डेट अथवा लागू नियमों के अनुसार उपयोग की अंतिम तिथि का स्पष्ट उल्लेख करने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जागरूकता के साथ सैंपलिंग भी जरूरी
त्योहारी सीजन में मिठाइयों, दूध, पनीर, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में केवल गोष्ठियां आयोजित करना पर्याप्त नहीं होगा। विभाग को बाजारों में नियमित निरीक्षण, संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग और नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित करनी होगी।
अब देखना होगा कि कोटद्वार में आयोजित यह गोष्ठी केवल जागरूकता कार्यक्रम तक सीमित रहती है या त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की धरातल पर सक्रियता भी नजर आती है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






वाह: सिडकुल थाने का करने गए थे घेराव, उल्टा पुलिस ने ही कर दिया घेराव! पंकज बवाड़ी चार महीने के लिए जिला बदर 

