वाह: सिडकुल थाने का करने गए थे घेराव, उल्टा पुलिस ने ही कर दिया घेराव! पंकज बवाड़ी चार महीने के लिए जिला बदर

ख़बर शेयर करें -

–जिला बदर की कार्रवाई से पहले प्रेस क्लब में पुलिस कार्रवाई के विरोध में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस, उधर मजिस्ट्रेट के आदेश पर सिडकुल पुलिस ने की जिला बदर की कार्रवाई

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में सिडकुल थाना पुलिस की कार्रवाई को लेकर मामला चर्चा में है। एक ओर पुलिस के खिलाफ सिडकुल थाने का घेराव करने की तैयारी और विरोध की बात सामने आई, वहीं दूसरी ओर पुलिस ने पंकज बवाड़ी उर्फ पंकज कुमार को चार महीने के लिए जिला बदर कर दिया। इसी मामले में आज जिला बदर की कार्रवाई से पूर्व प्रेस क्लब सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पुलिस की ओर से पूर्व में की गई गुंडा एक्ट की कार्रवाई का विरोध भी किया गया।

पुलिस के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी नवनीत भुल्लर के निर्देश पर सिडकुल थाना पुलिस ने पंकज बवाड़ी उर्फ पंकज कुमार के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत रिपोर्ट भेजी थी।

पुलिस रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व), हरिद्वार ने पंकज बवाड़ी को चार महीने के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया। इसके बाद पुलिस ने आदेश के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए उसे जनपद से बाहर रहने के निर्देश दिए।

चार महीने तक हरिद्वार में प्रवेश नहीं करने की हिदायत

पुलिस ने पंकज बवाड़ी को निर्धारित अवधि के दौरान हरिद्वार जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करने की सख्त हिदायत दी है। पुलिस के मुताबिक, आदेश का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रेस क्लब में पुलिस कार्रवाई का विरोध

जिला बदर की कार्रवाई से पूर्व प्रेस क्लब सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कार्रवाई का विरोध किया गया। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस और पंकज बवाड़ी से जुड़े मामले ने स्थानीय स्तर पर चर्चा पकड़ ली है।

जिला बदर की कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सिडकुल थानाध्यक्ष अजय शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट और कांस्टेबल हरिराज शामिल रहे। अब मामले में पुलिस की कार्रवाई और उसके विरोध को लेकर आगे की स्थिति पर नजर रहेगी।

You cannot copy content of this page