हरिद्वार पुलिस में फेरबदल: पांच पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदले, संजय पूनिया बने प्रभारी सीआईयू रुड़की

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए चार उपनिरीक्षकों और एक अपर उपनिरीक्षक समेत पांच पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। तबादला आदेश के तहत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में संजय पूनिया को प्रभारी सीआईयू रुड़की बनाया गया है, जबकि खानपुर, रुड़की और अमानतगढ़ के साथ चिड़ियापुर चौकी में भी नई तैनाती की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, खानपुर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के पद पर तैनात उपनिरीक्षक संजय पूनिया को स्थानांतरित कर प्रभारी सीआईयू रुड़की की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, लक्सर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक सुरेश कुमार को खानपुर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाया गया है।

इसी तरह, अमानतगढ़ चौकी प्रभारी के पद पर तैनात उपनिरीक्षक मुनव्वर हुसैन को कोतवाली रुड़की भेजा गया है। उनके स्थान पर थाना बुग्गावाला में तैनात उपनिरीक्षक सुनील रमोला को अमानतगढ़ चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा, श्यामपुर कोतवाली में तैनात अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़ का भी तबादला किया गया है। उन्हें चिड़ियापुर चौकी प्रभारी बनाया गया है।

एसएसपी के इस फेरबदल के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों को नई तैनाती स्थलों पर जिम्मेदारी संभालनी होगी। पुलिस विभाग में किए गए इन बदलावों को जनपद की कानून व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।

You cannot copy content of this page