कोटद्वार में भिक्षावृत्ति का बढ़ता नेटवर्क! दूसरे राज्यों से कार में आते हैं ‘वीआईपी भिखारी’, कपड़े बदलकर मांगते हैं भीख, आखिर कब जागेगा प्रशासन? क्या इनका हुआ है सत्यापन

–सप्ताह में दो-तीन बार शहर में पहुंच रहे भिक्षा मांगने वाले, शनिवार को शनिदान के नाम पर भीड़, कार से आने और कपड़े बदलकर भिक्षा मांगने के आरोप
खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार शहर में भिक्षावृत्ति का मामला अब केवल दान-पुण्य तक सीमित नहीं रह गया है। शहर में लगातार बाहरी क्षेत्रों और दूसरे राज्यों से लोगों के पहुंचकर भिक्षा मांगने को लेकर स्थानीय नागरिकों ने चिंता जतानी शुरू कर दी है। लोगों का आरोप है कि सप्ताह में दो से तीन बार अलग-अलग दिनों में भिक्षा मांगने वाले शहर के बाजारों, धार्मिक स्थलों और रिहायशी इलाकों में दिखाई देते हैं। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि आखिर कोटद्वार में भिक्षावृत्ति के नाम पर क्या गतिविधियां संचालित हो रही हैं और प्रशासन इस दिशा में कोई जांच क्यों नहीं कर रहा? अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह पुलिस के सत्यापन अभियान में शामिल हैं या नहीं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नजीबाबाद और बिजनौर क्षेत्र के बढ़ापुर सहित आसपास के इलाकों से कुछ लोग कोटद्वार पहुंचकर भिक्षा मांगते हैं। शनिवार और अमावस्या जैसे अवसरों पर शनिदान के नाम पर भीख मांगने वालों की संख्या बढ़ जाती है। आरोप है कि कुछ लोग कार से पांच-पांच की संख्या में आते हैं। गुरुद्वारे के आसपास पहुंचने के बाद सामान्य कपड़ों में आने वाले कुछ लोग कथित तौर पर अपने कपड़े बदलकर भिक्षा मांगने के लिए तैयार होते हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
लोगों का कहना है कि कुछ भिक्षा मांगने वाले प्रतिदिन दो से तीन हजार रुपये तक जुटाकर वापस चले जाते हैं। यदि यह दावा सही है तो इसकी जांच जरूरी है कि भिक्षा मांगने के पीछे वास्तविक मजबूरी है या इसे नियमित कमाई का माध्यम बनाया जा रहा है।
दीपावली पर सामने आया चौंकाने वाला मामला
दीपावली के दौरान एक प्रतिष्ठान पर दो नाबालिग बच्चियां भिक्षा मांगने पहुंचीं। दुकानदार ने बच्चियों को झाड़ू लगाने के बदले दस-दस रुपये और मिठाई का डिब्बा देने की पेशकश की, लेकिन बच्चियों ने काम करने से इनकार कर दिया और भिक्षा मांगते हुए आगे बढ़ गईं। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया कि क्या बच्चों को मेहनत और शिक्षा से दूर रखकर भिक्षावृत्ति की ओर धकेला जा रहा है?
भिक्षावृत्ति और अपराध के बीच संबंध की भी हो जांच
स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों की बिना किसी पहचान और सत्यापन के आवाजाही से शहर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। कुछ लोगों ने भिक्षावृत्ति की आड़ में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की आशंका भी जताई है। हालांकि भिक्षा मांगने वाले सभी लोगों को अपराध से जोड़ना उचित नहीं होगा, लेकिन यदि किसी संगठित गिरोह या आपराधिक गतिविधि की शिकायत है तो पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
आखिर कब जागेगा प्रशासन?
अब सवाल कोटद्वार पुलिस, नगर निगम और प्रशासन से है कि क्या शहर में भिक्षावृत्ति के नाम पर आने वाले लोगों की वास्तविक स्थिति का सत्यापन कराया जाएगा? क्या नाबालिग बच्चों से भिक्षा मंगवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी? क्या धार्मिक स्थलों और बाजारों में सक्रिय संदिग्ध गतिविधियों की जांच होगी?
नागरिकों को भी समझना होगा कि दया और मदद के नाम पर हर बार नकद भिक्षा देना जरूरी नहीं है। वास्तविक जरूरतमंद को भोजन, कपड़े, शिक्षा और रोजगार के अवसर देकर भी सहायता की जा सकती है।
अब कोटद्वार की जनता पूछ रही है—क्या दान-पुण्य के नाम पर चल रही इस व्यवस्था की कभी जांच होगी या फिर शहरवासी यूं ही भिक्षावृत्ति को बढ़ावा देते रहेंगे?

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






दीपावली पर नवनिर्मित घाटों तक पहुंची गंगा की धारा, कुंभ-2027 की तैयारियों को मिला नया विस्तार 

