तस्करों की हिम्मत या संरक्षण: कोटद्वार में खुलेआम शराब की तस्करी! त्यौहारी जाम और भीड़ के बीच पुलिस बैरियर से भिड़ी स्कूटी, सड़क पर गिरी शराब की पेटी, तस्कर फरार

–आखिर किस तस्कर की थी शराब? पुलिस ने पेटी कब्जे में ली, लेकिन स्कूटी सवार को पकड़ने में क्यों नाकाम रही पुलिस? घटना के खुलासे का इंतजार
खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार में शराब तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर में जाम और लोगों की भारी भीड़ के बीच शराब लेकर जा रही एक स्कूटी पुलिस बैरियर से जा भिड़ी। टक्कर लगने के बाद स्कूटी से शराब की पेटी सड़क पर गिर गई। इसके बाद स्कूटी सवार मौके से स्कूटी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
जानकारी के अनुसार, घटना झंडाचौक से मालगोदाम रोड की ओर जाने वाले तिराहे की बताई जा रही है। यहां पुलिस बैरियर के पास स्कूटी की टक्कर हुई और उससे शराब की पेटी नीचे गिर गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने सड़क पर गिरी शराब की पेटी को अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन स्कूटी सवार वहां से निकलने में कामयाब रहा।
हैरानी की बात यह है कि शहर के व्यस्ततम इलाके में पुलिस बैरियर के पास यह घटनाक्रम हुआ और कथित शराब तस्कर स्कूटी लेकर फरार हो गया। ऐसे में पुलिस की निगरानी और शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के दावों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर शराब की यह पेटी किस तस्कर की थी? क्या स्कूटी सवार किसी बड़े शराब तस्करी नेटवर्क का हिस्सा था या फिर शराब की सप्लाई कहीं पहुंचाई जा रही थी? पुलिस ने शराब की पेटी तो कब्जे में ले ली, लेकिन स्कूटी सवार की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
अब देखना होगा कि कोटद्वार पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से स्कूटी सवार की पहचान कर पाती है या नहीं। आखिर इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा कब होगा और शराब तस्करी के पीछे किसका हाथ है? इन सवालों के जवाब का शहरवासियों को इंतजार है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









