रिखणीखाल में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी सवारियों से भरी गाड़ी, छह महिलाओं समेत सात की दर्दनाक मौत

ख़बर शेयर करें -

–बैंक का काम निपटाकर गांव लौट रही थीं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, चालक की भी गई जान, हादसे से क्षेत्र में पसरा मातम, मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा शोक

खबर डोज, कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल जनपद के रिखणीखाल क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास सवारियों से भरी एक गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में छह महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में वाहन चालक भी शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं। बताया जा रहा है कि महिलाएं बैंक संबंधी काम निपटाने के बाद सिद्धखाल से अपने गांव कोटनाली भंगलवाण लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के चलते रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। दुर्घटना में सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिखणीखाल के कलवाड़ी में हुई इस भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मृतकों की पहचान का इंतजार

हादसे में जान गंवाने वाले लोगों और घायलों के नाम प्रशासन की ओर से आधिकारिक रूप से जारी किए जाने का इंतजार है। प्रशासन से सूची प्राप्त होने के बाद मृतकों एवं घायलों का पूरा विवरण प्रकाशित किया जाएगा।

पहाड़ की सड़कों पर एक बार फिर हुए इस दर्दनाक हादसे ने यातायात सुरक्षा और दुर्गम मार्गों पर आपातकालीन बचाव व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

You cannot copy content of this page