नए कप्तान ने कमान संभालते ही किया पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण, जवानों की सुविधाओं पर दिया जोर

–बैरक से लेकर शस्त्रागार और भोजनालय तक पहुंचे एसएसपी देवेन्द्र पींचा, व्यवस्थाओं में सुधार और नियमित निगरानी के दिए निर्देश
खबर डोज, पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिसिंग के साथ-साथ पुलिस विभाग की आंतरिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद भी शुरू कर दी है। शनिवार को उन्होंने पुलिस लाइन पौड़ी का विस्तृत निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं, शस्त्रागार, बैरकों, भोजनालय और आवासीय परिसरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कर्मियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाना प्राथमिकता में शामिल है।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम एसएसपी ने पुलिस गार्द की सलामी ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का क्रमवार निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। एसएसपी शस्त्रागार पहुंचे और वहां उपलब्ध शस्त्रों एवं उपकरणों के रखरखाव की स्थिति देखी। उन्होंने शस्त्रों की नियमित जांच, साप्ताहिक साफ-सफाई और निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा स्टोर कार्यालय, मनोरंजन कक्ष, पुलिस बैरक, फायर स्टेशन, पुलिस भोजनालय, दूरसंचार केंद्र और आवासीय परिसरों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, संसाधनों के बेहतर उपयोग और कार्यालयी व्यवस्थाओं में सुधार पर जोर दिया।

पुलिस कर्मियों की सुविधाओं को लेकर एसएसपी ने विशेष गंभीरता दिखाई। उन्होंने बैरकों और आवासीय परिसरों में स्वच्छता, पेयजल, बिजली तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। दूरसंचार केंद्र और फायर स्टेशन के उपकरणों को हमेशा क्रियाशील रखने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने अधिकारियों को पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का नियमित पर्यवेक्षण करने और कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
नए एसएसपी के कार्यभार संभालते ही पुलिस लाइन का यह निरीक्षण इस बात का संकेत है कि जनपद में पुलिसिंग के साथ पुलिस कर्मियों की कार्य परिस्थितियों और विभागीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







अपडेट रिखणीखाल! 300 मीटर गहरी खाई में गिरी इको वैन, सात महिलाओं समेत आठ की दर्दनाक मौत, चार घायल 
