लक्सर में पुलिस वैन को ट्रक ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, चार पुलिसकर्मी घायल, एसएसआई हायर सेंटर रेफर, देखिये वीडियो

ख़बर शेयर करें -

–बालावाली तिराहे पर ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी 112 पुलिस वैन को मारी टक्कर

–ट्रक चालक समेत दो गिरफ्तार, दो दिन पहले इसी मार्ग पर हुए हादसे में 14 वर्षीय किशोर की हो चुकी है मौत

खबर डोज, लक्सर। लक्सर क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बालावाली तिराहे पर देर रात ड्यूटी के दौरान सड़क किनारे खड़ी पुलिस की 112 वैन को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन में सवार चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में एक उपनिरीक्षक की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मियों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे बालावाली तिराहे पर पुलिस की 112 वैन ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने पुलिस वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन में सवार चारों पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों की पहचान एसआई राजेश बिष्ट, प्रदीप धीमान, कपिल गोला और मनोज मीणा के रूप में हुई है। एसआई राजेश बिष्ट की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य तीन पुलिसकर्मियों का एक निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दो दिन पहले भी इसी मार्ग पर गई थी किशोर की जान

गौरतलब है कि बालावाली मार्ग पर सड़क हादसों का यह पहला मामला नहीं है। महज दो दिन पहले इसी क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी। हादसे में एक महिला समेत छह लोग घायल हुए थे। इनमें 14 वर्षीय किशोर की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी।

लगातार हो रहे हादसे बालावाली मार्ग पर यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं। सवाल यह भी है कि आखिर एक के बाद एक हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? अब देखना होगा कि संबंधित विभाग तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कब ठोस कार्रवाई करते हैं।

You cannot copy content of this page