दीदी, चुनाव नजदीक हैं, अब तो गिनवा दो अपने कार्यकाल के विकास कार्य! जनता को कितनी मिलीं मूलभूत सुविधाएं, पूछता है कोटद्वार

– विधानसभा चुनाव की आहट के बीच विधायक ऋतु भूषण खंडूड़ी से जनता के सवाल, पांच साल के कार्यकाल का हिसाब मांगने लगी कोटद्वार की जनता
खबर डोज, कोटद्वार। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट तेज होने लगी है। राजनीतिक दलों के नेता और जनप्रतिनिधि अपनी-अपनी विधानसभाओं में कराए गए विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखने की तैयारी में जुटे हैं। लेकिन कोटद्वार विधानसभा में अब जनता भी अपने जनप्रतिनिधि से सवाल पूछने लगी है। सवाल सीधा है—दीदी, चुनाव नजदीक हैं, अब तो अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का हिसाब दे दीजिए।
कोटद्वार विधानसभा से विधायक और उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी के सामने अब अपने कार्यकाल की उपलब्धियां जनता के बीच रखने की चुनौती है। जनता जानना चाहती है कि बीते वर्षों में क्षेत्र में कितने विकास कार्य धरातल पर उतरे और कितनी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचा। आखिर कोटद्वार की जनता को कौन-कौन सी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं?
सड़क, पेयजल, जल निकासी, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, बिजली, सफाई और यातायात जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर जनता के मन में कई सवाल हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग जानना चाहते हैं कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कितने ठोस प्रयास किए गए। क्या विकास योजनाएं केवल घोषणाओं और शिलान्यास तक सीमित रहीं या उनका लाभ वास्तव में लोगों को मिला?
चुनाव के समय नेता अक्सर विकास की लंबी फेहरिस्त लेकर जनता के बीच पहुंचते हैं, लेकिन इस बार जनता भी सवालों के साथ तैयार दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया से लेकर सार्वजनिक चर्चाओं तक कार्यकाल के कामकाज पर चर्चा होना लाजिमी है।
अब देखना होगा कि विधायक ऋतु भूषण खंडूड़ी अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का कौन-सा रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखती हैं। क्योंकि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि से सवाल पूछना जनता का अधिकार है और विकास का असली पैमाना दावों से नहीं, धरातल पर दिखाई देने वाले कामों से तय होता है।
फिलहाल कोटद्वार पूछ रहा है—दीदी, चुनाव से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब तो दीजिए!

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









