खबर डोज ने कुंभ की तैयारियों पर उठाए सवाल तो जागी कांग्रेस! अब सरकार से मांग रही हिसाब, थर्ड पार्टी ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने की उठाई मांग

– कुंभ के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर कांग्रेस ने खड़े किए सवाल, टेस्टिंग लैब स्थापित करने और स्थायी पुलों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग
– कुंभ को लेकर कांग्रेस की चुप्पी पर खबर डोज ने उठाया था सवाल, अब प्रेसवार्ता कर सरकार से मांगा निर्माण कार्यों का हिसाब
खबर डोज, हरिद्वार। कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर सरकार और मेला प्रशासन जहां करोड़ों रुपये के निर्माण कार्य कराने के दावे कर रहे हैं, वहीं विपक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे थे। कुंभ जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर कांग्रेस की चुप्पी पर खबर डोज ने ‘आखिर क्यों थम गई विरोध की आवाज?’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर सवाल उठाए थे। खबर के बाद अब कांग्रेस भी कुंभ की तैयारियों को लेकर मैदान में उतरती दिखाई दे रही है। कांग्रेस ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर सरकार से जवाब मांगा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारवार्ता कर कुंभ कार्यों की थर्ड पार्टी ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई।

आलोक शर्मा ने कहा कि कुंभ की तैयारियों के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मेला प्रशासन से पूछा कि आखिर कुंभ के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी किस स्तर पर की जा रही है? निर्माण कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट किस एजेंसी से कराया जा रहा है और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है? उन्होंने मांग की कि ऑडिट रिपोर्ट जनता के सामने रखी जाए, ताकि निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
उन्होंने निर्माण कार्यों में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए इंजीनियरिंग टेस्टिंग लैब स्थापित करने की मांग की। उनका कहना था कि पुरानी कंक्रीट की मजबूती की जांच बेहद जरूरी थी, लेकिन इसके लिए आवश्यक टेस्टिंग लैब स्थापित नहीं की गई। ऐसे में सवाल उठता है कि बिना पर्याप्त तकनीकी जांच के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित कैसे की जा रही है?
कांग्रेस प्रवक्ता ने स्थायी पुलों के निर्माण को लेकर भी सरकार और मेला प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने सवाल किया कि कुंभ से पहले कितने स्थायी पुल तैयार होंगे और श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए क्या व्यवस्थाएं की जा रही हैं? सरकार को निर्माण कार्यों की समयसीमा और उनकी वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करनी चाहिए।
स्वच्छता अभियान के दावों पर भी उठाए सवाल
आलोक शर्मा ने हरिद्वार में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि गंगा बंदी के दौरान बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने के दावे किए गए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित बदलाव दिखाई नहीं दिया। उन्होंने स्वच्छता रैंकिंग में हरिद्वार को स्थान नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि धार्मिक नगरी और कुंभ जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन वाले शहर में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सनातन और धर्म के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो कुंभ के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
अब मेला प्रशासन की जवाबदेही तय करने का वक्त
कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब निर्माण कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं तो उनकी गुणवत्ता की जांच और ऑडिट रिपोर्ट जनता से साझा करने में आखिर क्या परेशानी है? क्या मेला प्रशासन थर्ड पार्टी ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करेगा? क्या निर्माण सामग्री की तकनीकी जांच के लिए टेस्टिंग लैब स्थापित होगी? और स्थायी पुलों को लेकर स्थिति कब स्पष्ट की जाएगी?
खबर डोज ने विपक्ष की चुप्पी पर सवाल उठाया था, अब कांग्रेस ने भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता का मुद्दा उठाया है। लेकिन केवल प्रेसवार्ता और मांगों से जिम्मेदारी पूरी नहीं होगी। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस इन सवालों को आगे भी उठाती है या यह मुद्दा भी कुछ दिनों बाद राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित होकर रह जाएगा।
पत्रकारवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, बीके तिवारी और जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









कोटद्वार में आबकारी विभाग है भी या नहीं? खुलेआम शराब तस्करी, आखिर कब जागेगा जिम्मेदार महकमा? कब गिरफ्तार होगा फरार तस्कर