वाहवाही: ज्वालापुर में शराब तस्कर जगपाल गिरफ्तार, इंस्पेक्टर साहब! बाकी तस्करों पर कब होगी कार्रवाई?

–एक तस्कर की गिरफ्तारी पर आबकारी विभाग अपनी पीठ थपथपाने में जुटा, सवाल—ज्वालापुर में सक्रिय अन्य शराब तस्करों पर कब कसेगा शिकंजा?
खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार किसी से छिपा नहीं है। क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय शराब तस्करों के बीच आबकारी विभाग ने एक तस्कर जगपाल को गिरफ्तार कर अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश किया है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या एक तस्कर की गिरफ्तारी से ज्वालापुर में अवैध शराब का कारोबार बंद हो जाएगा? आबकारी निरीक्षक साहब, आखिर क्षेत्र में सक्रिय बाकी शराब तस्करों पर कार्रवाई कब होगी?
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार को ज्वालापुर में जगपाल के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान घर से अलग-अलग ब्रांड की अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ। इसमें इम्पीरियल ब्लू के 93 पव्वे, रॉयल स्टैग के 55 पव्वे, ब्लेंडर्स प्राइड के 7 पव्वे, इमेजिंग वोदका के 15 पव्वे, बेयंग बीयर के 24 कैन और माल्टा ब्रांड की देशी शराब के 51 टेट्रा पैक शामिल हैं। विभाग के मुताबिक, बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग छह पेटी है। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वहीं, आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने बहादुरपुर सैनी गांव में भी दबिश दी। यहां मांगेराम के पुत्र अमित को 25 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एक ही दिन में दो स्थानों पर कार्रवाई कर आबकारी विभाग अपनी सक्रियता दिखा रहा है, लेकिन ज्वालापुर में अवैध शराब के कारोबार को लेकर उठ रहे सवाल अभी भी बरकरार हैं। स्थानीय स्तर पर क्षेत्र में कई अन्य तस्करों के सक्रिय होने की चर्चाएं हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या विभाग को इनकी जानकारी नहीं है या फिर कार्रवाई केवल चुनिंदा लोगों तक ही सीमित है?
इंस्पेक्टर साहब, जगपाल तो गिरफ्तार हो गया, अब ज्वालापुर में सक्रिय बाकी शराब तस्करों की बारी कब आएगी? क्या आबकारी विभाग पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करेगा या एक-दो गिरफ्तारी कर वाहवाही लूटने का सिलसिला जारी रहेगा?

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







