पौड़ी पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, चार निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले, विजय सिंह बने लक्ष्मणझूला प्रभारी

–श्रीनगर, लक्ष्मणझूला और लैंसडाउन को मिले नए कोतवाल, कुलदीप सिंह को डीसीआरबी की जिम्मेदारी
खबर डोज, पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी गढ़वाल पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल ने चार निरीक्षकों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के तहत अलग-अलग कोतवालियों और साइबर सेल में तैनात निरीक्षकों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, कोतवाली श्रीनगर के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह को प्रभारी डीसीआरबी, पुलिस कार्यालय पौड़ी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, कोतवाली लक्ष्मणझूला के प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी को कोतवाली श्रीनगर का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
इसी क्रम में कोतवाली लैंसडाउन के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह को कोतवाली लक्ष्मणझूला की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि साइबर सेल श्रीनगर के प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार को कोतवाली लैंसडाउन का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल रवाना होकर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें और अनुपालन से अवगत कराएं।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल के बाद अब श्रीनगर, लक्ष्मणझूला और लैंसडाउन की कोतवालियों में नई जिम्मेदारियों के साथ पुलिसिंग की कमान संभाली जाएगी। इस बदलाव से संबंधित क्षेत्रों में कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी नजर रहेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








