डीएम साहब: कहां है आबकारी महकमा? ज्वालापुर ट्रक यूनियन रोड पर अवैध शराब के काउंटर, जगजीतपुर के होटल शाम होते ही बन जाते हैं बार

–आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, शराब माफियाओं के हौसले बुलंद, आखिर कब जागेंगे जिम्मेदार अधिकारी?
खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर के ज्वालापुर क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी का धंधा खुलेआम संचालित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि क्षेत्र में कुछ स्थानों पर अवैध शराब के काउंटर चल रहे हैं, जहां बिना किसी रोकटोक के शराब की बिक्री की जा रही है। इसके बावजूद आबकारी विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है।
वहीं, कनखल के जगजीतपुर क्षेत्र में भी शराब के अवैध कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि यहां कुछ होटल शाम ढलते ही बार का रूप ले लेते हैं। होटल परिसर में कथित तौर पर शराब परोसने और बैठाकर शराब पिलाने का सिलसिला शुरू हो जाता है। सवाल यह है कि क्या इन गतिविधियों की जानकारी आबकारी विभाग के स्थानीय अधिकारियों को नहीं है या फिर जानबूझकर आंखें मूंद ली गई हैं?
हैरानी की बात यह है कि एक ओर शासन और जिला प्रशासन अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश देता है, वहीं दूसरी ओर शहर के कुछ इलाकों में अवैध शराब कारोबार की शिकायतें लगातार उठ रही हैं। यदि इन शिकायतों में सच्चाई है तो यह आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अब सबसे बड़ा सवाल जिलाधिकारी से है कि आखिर हरिद्वार में आबकारी विभाग की जिम्मेदारी कौन निभा रहा है? क्षेत्र में तैनात आबकारी निरीक्षक और अन्य जिम्मेदार अधिकारी इन कथित अवैध काउंटरों के खिलाफ कब अभियान चलाएंगे? क्या विभाग केवल कागजों में कार्रवाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रहा है?
जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर ज्वालापुर और जगजीतपुर में औचक निरीक्षण कराने तथा अवैध शराब बिक्री और बिना अनुमति शराब परोसने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठ रही है। अब देखना होगा कि आबकारी विभाग इन शिकायतों पर कब कार्रवाई करता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








