SSP नवनीत सिंह की रणनीति से पुलिस के चक्रव्यूह में फंसे हथियार तस्कर, पांच पिस्टल और एक तमंचा समेत सात कारतूस बरामद

–पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर गन्ने के खेत में छिपा था बदमाश, जवाबी कार्रवाई में बाएं पैर में लगी गोली
–मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
–दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी पुलिस ने किए बरामद
खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के खिलाफ बहादराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर पांच अवैध पिस्टल .32 बोर, एक तमंचा .315 बोर और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 15 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग बौंगला तिराहे पर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त के लिए पहुंचने वाले हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर बौंगला तिराहे के आसपास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को मौके पर पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मुकुल पाल भागकर गन्ने के खेत में जा घुसा।

पुलिस का दावा है कि पीछा करने पर मुकुल पाल ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
निशानदेही पर भी बरामद हुए अवैध हथियार
पकड़े गए आरोपियों की तलाशी में मुकुल पाल के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि भूपेन्द्र के पास से .315 बोर का तमंचा मिला। वहीं विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो .32 बोर पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए 16 नवंबर की रात ग्राम बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान प्रशांत कुमार को भी हिरासत में लिया। उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया।
मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार से जुड़े हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल (25 वर्ष) निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, मेरठ, भूपेन्द्र (20 वर्ष) निवासी ग्राम मंसूरपुर जोहरा, मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार (26 वर्ष) निवासी बहादराबाद, हरिद्वार और प्रशांत कुमार (23 वर्ष) निवासी दादूपुर गोविंदपुर, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल पांच .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, सात जिंदा कारतूस, स्प्लेंडर प्लस और बुलेट मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामले में मुकुल पाल के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस और धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि भूपेन्द्र, विशाल कुमार और प्रशांत कुमार के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली बहादराबाद के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और सीआईयू रुड़की की टीम शामिल रही। सीआईयू रुड़की की कमान उपनिरीक्षक संजय पुनिया संभाल रहे थे।
अब पुलिस के सामने इस गिरोह के हथियारों के नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने की चुनौती है। आखिर ये अवैध पिस्टल कहां से खरीदी जा रही थीं और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थीं? पुलिस की आगे की जांच में इन सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









