सनसनीखेज वारदात: हरिद्वार में 11 माह की मासूम से दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार, एम्स में जिंदगी की जंग लड़ रही बच्ची

–पिता के साथ फैक्टरी में काम करता था आरोपी, घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम; हालत बिगड़ने पर एम्स ऋषिकेश रेफर की गई मासूम
खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शहर कोतवाली क्षेत्र की एक बस्ती में महज 11 माह की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। आरोप बच्ची के पिता के साथ फैक्टरी में काम करने वाले व्यक्ति पर है। रविवार रात हुई इस घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। वहीं, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे महिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची का परिवार शहर कोतवाली क्षेत्र की एक बस्ती में रहता है। आरोप है कि रविवार रात बच्ची के पिता के साथ फैक्टरी में काम करने वाला व्यक्ति घर में घुसा और मासूम के साथ दरिंदगी की। परिजनों को घटना की भनक लगी तो आरोपी मौके से फरार हो गया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे तत्काल महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर कोतवाली पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि 11 माह की बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप का मामला सामने आया था। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बच्ची को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
महज 11 माह की मासूम के साथ सामने आई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिस उम्र में बच्चा अपनी बात तक ठीक से नहीं कह सकता, उस उम्र में उसके साथ ऐसी घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। अब सभी की निगाहें पुलिस की आगे की जांच और मासूम के स्वास्थ्य पर टिकी हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









