रुड़की में अवैध निर्माण पर प्राधिकरण की कार्रवाई, निर्माणाधीन भवन किया सील

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, रुड़की। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुड़की के दिल्ली मुख्य मार्ग स्थित मांडवली क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांडवली में संजय द्वारा लगभग 20 फीट × 100 फीट क्षेत्रफल में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त निर्माण प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त किए बिना किया जा रहा था। इसके बाद प्राधिकरण ने संबंधित अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद योजित करते हुए कार्रवाई शुरू की।

प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि निर्माणकर्ता को कई बार निर्माण कार्य रोकने और नियमानुसार स्वीकृति प्राप्त करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। लगातार निर्देशों की अवहेलना किए जाने पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद निर्माणकर्ता को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्राधिकरण की विधिवत स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्राधिकरण ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भवन अथवा व्यावसायिक निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र एवं स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें, ताकि बाद में कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

You cannot copy content of this page