उत्तराखंड जल संस्थान का नाम लिखे ट्रैक्टर से खुले नाले में बहाया जा रहा था अपशिष्ट जल, पुलिस ने ट्रैक्टर और चालक को दबोचा, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में उत्तराखंड जल संस्थान का नाम लिखे एक ट्रैक्टर द्वारा खुले नाले में अपशिष्ट जल प्रवाहित किए जाने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित ट्रैक्टर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।


जानकारी के अनुसार, 30 मई 2026 को उत्तराखंड जल संस्थान कार्यालय, जोन-प्रथम भूपतवाला के अपर सहायक अभियंता ने कोतवाली नगर में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ट्रैक्टर-सेक्शन मशीन पर विभाग का नाम अंकित कर अपशिष्ट जल को खुले नाले में प्रवाहित कर रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 276/2026 धारा 279 एवं 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चौकी प्रभारी सप्तऋषि उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट एवं उनकी टीम ने सुरागरसी-पतारसी कर संबंधित ट्रैक्टर और चालक की पहचान की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम लाल सिंह निवासी ग्राम ब्रह्मपुर, थाना कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार बताया। चालक ने पुलिस को जानकारी दी कि ट्रैक्टर के स्वामी सोनू पुत्र रमेश कुमार थे, जिनका निधन हो चुका है और वह उसके रिश्ते में भांजे लगते थे।
जांच के दौरान चालक ने बताया कि उक्त ट्रैक्टर पहले शिवालिक नगर स्थित जल संस्थान में कार्य करता था, जिसके कारण उस पर “उत्तराखंड जल संस्थान” लिखा हुआ था। ट्रैक्टर स्वामी की मृत्यु के बाद भी यह नाम नहीं हटाया गया। इसी नाम का उपयोग कर वह विभिन्न ठेकों पर अपशिष्ट जल का परिवहन करता था और उसे खुले नालों में प्रवाहित कर देता था।
पुलिस ने संबंधित ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मुकदमे में दाखिल कर दिया है तथा उसे चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट एवं चेतक पुलिस कर्मी शामिल रहे।

You cannot copy content of this page