मेडिकल स्टोर पर चल रहा था नशीले कैप्सूलों का कारोबार, पुलिस ने मारा छापा, सप्लायर गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

खबर डोज, कोटद्वार। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में कोटद्वार क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की संयुक्त टीम को भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल मिले हैं। इस दौरान मेडिकल स्टोर में काम करने वाले युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि संचालक की तलाश जारी है।
कोटद्वार CIU, ANTF, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के औषधि निरीक्षक की संयुक्त छापेमारी के दौरान डॉ. सूरज, निवासी कोटद्वार के मेडिकल स्टोर से कुल 6,288 नशीले कैप्सूल जब्त किए गए। इनमें Spasmore Acetaminophen, Tramadol Hydrochloride एवं Dicyclomine Hydrochloride शामिल हैं। पुलिस टीम ने मौके से मेडिकल स्टोर में कार्यरत अरुण कंडवाल को गिरफ्तार किया।
बताया गया कि कैप्सूलों की कुल मात्रा 2,420.88 ग्राम है, जिसमें 250 ग्राम से अधिक वाणिज्यिक मात्रा शामिल है। मामले में कोतवाली कोटद्वार में NDPS ACT के तहत अभियोग दर्ज किया गया। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं मुख्य अभियुक्त मेडिकल संचालक डॉ. सूरज की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पहली पूछताछ में आरोपी अरुण कंडवाल ने स्वीकार किया कि वह कोटद्वार क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर इन कैप्सूलों की अवैध बिक्री करता था। पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर सख्ती के साथ जारी रहेगा।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम अरुण कंडवाल पुत्र सिद्धानंद कंडवाल, निवासी मानपुर, निकट आंचल डेयरी बताया है। जबकि डॉ. सूरज निवासी स्टेडियम कॉलोनी, लकड़ी पड़ाव, कोटद्वार फरार बताया जा रहा है।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार को खत्म करने के लिए क्षेत्र में अभियान लगातार और तेज गति से चलता रहेगा।
छापेमारी टीम में पुलिस CIU प्रभारी उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, कांस्टेबल हरीश (CIU), अमरजीत (साइबर सेल), बिजपाल (कोटद्वार), अनुज त्यागी, मेडिकल टीम से औषधि निरीक्षक नीरज त्यागी शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें





पौड़ी गढ़वाल में फिर बना एक व्यक्ति गुलदार का निवाला, मौके पर पहुंची डीएम 

